Showing posts with label तुम मिले. Show all posts
Showing posts with label तुम मिले. Show all posts

Thursday, May 3, 2007

याद के फूल

आपकी याद के फिर फूल खिले
शब-ए-तारीक में ज्यों दीप जले

खून के रंग रंगी आज दुआ
इस कदर खार से थे हाथ छिले

वो हैं खामोश तो खामोश है रात
कोई झौंका चले पत्ता तो हिले

दिल कोनों में छुपा रख्खे हैं
आपकी चाह में जो ज़ख़्म मिले

देखिये उनकी नजर का जादू
फिर 'शजर' भूल गया शिकवे गिले


© Kamlesh Pandey 'शजर'

Monday, March 12, 2007

तुम मिले

ये जो गीत थे
खोए हुए
लफ़्ज़ों के जंगल में कहीं

कोई पास से गुज़रे कभी
तो समेट ले

हाँ इन्हें भी इंतज़ार था
कोई पंक्तियों में गूँथ दे
कोई इनको तर्ज़ में ढाल दे
कोई गुनगुना तो दे ज़रा

मैं भी बहुत भटका मगर

कभी रास्ते में मिले नहीं
मेरे रास्ते सेहराओं की वीरानियों में खो गये
जो दर्द थे
थक हार के बेख्वाब नींद में सो गये

फिर तुम मिले तो जाने मैं
किसी ऐसे मोड़ से मुड़ गया
कि जिधर नज़र का रुख़ करूँ
मेरे सामने इक गीत है

इन्हें देख कर
समेटकर
मुझे इस तरह लगने लगा
मैं भी तो खोया गीत था
लोगों के जंगल में कहीं
बिसरा हुआ
बिखरा हुआ
कोई पास से गुज़रे कभी
तो समेट ले
हाँ मुझे भी इंतज़ार था
कोई पंक्तियों में गूँथ दे
कोई गुनगुना तो दे ज़रा
कोई मुझको तर्ज़ में ढाल दे

फिर तुम मिले

© Kamlesh Pandey 'शजर'

Sunday, March 11, 2007

आपने ऐसे निहारा

आपने ऐसे निहारा

दिल के कोरे कागजों पर
चित्र सुन्दर खींचकर मैं,
सोचता हूँ आपका है? या कि मेरा? या हमारा?

आपने ऐसे निहारा

आपके
आँचल की उन
नीलाभ सी परछाइयों में
खिल गयी है पसीने की बूँद भी,
जैसे निशा की लटों से हो खेलता को सितारा

आपने ऐसे निहारा

आपकी मुस्कान
मेरी जिन्दगी में
इस तरह से खिल गयी है,
मरुस्थल की किसी बंजर राह में ज्यों फूल प्यारा

आपने ऐसे निहारा

ढालने बैठा था
सब कुछ गीत में,
जो मौन रहकर भी तुम्हारी आँख मुझसे बोलती है,
पर लगा यों शब्द की सीमा परे ज्यों चल रहा हो खेल सारा

आपने ऐसे निहारा

© Kamlesh Pandey 'शजर'

मुझे छू गया झौंका कोई

मुझे छू गया
झौंका कोई
शम्मा की लौ सी
थरथरा गयी हूँ मैं

सिमटने लगी
तनहाइयों की
काली अँधेरी खामोश चादर

मुझे यूँ लगा
ज्यों हो उगा
पूनम का चाँद, बेवक्त ही

ज्यों खनक उठा
कोई भीना साज, बेरब्त ही

तेरे प्यार का आगोश पाकर
थरथरा गयी हूँ मैं

मुझे छू गया
झौंका कोई
शम्मा की लौ सी
थरथरा गयी हूँ मैं


मेरी
कल्पना को
दो पंख दो
इक रात ही
दिल की गिरह को खोल दो
इक बात ही
झूठी सही, मुझे बोल दो

मुझे चूम लो
मेरे जिस्म के
हर रोम को
उन बिजलियों से, छू लो जरा
उन्हीं उंगलियों से
जिनका नरम स्पर्ष पाकर
थरथरा गयी हूँ मैं

मुझे छू गया
झौंका कोई
शम्मा की लौ सी
थरथरा गयी हूँ मैं

खेल खेल में

अन्जाने में ही
कोई बावरी सी
नजर उड़ते उड़ते
ठिठक जाये कहीं

बरसों से दिल को
सभाँला हुआ था
यूँ ही खेल में वो
छिटक जाये कहीं

मुझे क्या हुआ है
कि ऐसा लगा है
कोई राह चलते
भटक जाये कहीं

मेरी धड़कनों को
कोई सँभालो
जरा धीरे शीशा
चटक जाये कहीं

मेरे पर न खोलो
मुझे डर है झौंका
कोई मनचला सा
पटक जाये कहीं


© Kamlesh Pandey 'शजर'

रात रहने दो

किसने बता
देखी सुबह
रात रहने दो
आज रहने दो

फूलों पे वो
शबनम जड़ा
ताज रहने दो
आज रहने दो

ख़ामोशियाँ
ये कह रही
साज रहने दो
आज रहने दो

सच की जुबाँ
कड़वी न हो
स्वाद रहने दो
आज रहने दो

मूँद लो पलक
नजर कह न दे
राज रहने दो
आज रहने दो

बात चल पड़ी
बन ही जायेगी
बात रहने दो
आज रहने दो

सोए रहो
खोए रहो
रात है हसीं
रात रहने दो

किसने बता
देखी सुबह
रात रहने दो
आज रहने दो

यूँ छेड़ कर

यूँ छेड़ कर धुन कोई सुमधुर रुक गया
कि मैं विवश सा गुनगुनाता रहा
सारी रात
उस छूटे हुए टूटे हुए सुर को
सुनहरी पंक्तियों के वस्त्र पहनाता रहा
गाता रहा

यूँ छेड़ कर धुन कोई सुमधुर रुक गया
कि मैं मनस की दीवारों पर चित्र भर
ले कल्पना की तूलिका
और भाव के उजले बसंती रंग भरता रहा
जैसे स्वप्न से मिलने को आतुर

यूँ छेड़ कर धुन कोई सुमधुर रुक गया
मैं समय की मुक्तावली को रख परे
उन्माद नयनों में भरे
विस्तीर्ण नभ से धरा तक ढूँढा किया
ध्वनिश्रोत
खोया थिरकते पग का नुपुर

यूँ छेड़ कर धुन कोई
© Kamlesh Pandey 'शजर'