Showing posts with label नीली झील. Show all posts
Showing posts with label नीली झील. Show all posts

Monday, March 19, 2007

कटे न रैन

कटे न रैन
मेरे दिल बता तुझे कहाँ मिलेगा चैन
कटे ना रैन

जब चाँद गहरी झील के, उस थरथराते जिस्म पर
चाँदी की चुनरी बुन गया, ऐसा लगा सब थम गया
ये जिन्दगी फिर से मुझे अब रास क्यों आने लगी
यूँ दूर होते हुए भी तू पास क्यों आने लगी

उस ख्वाब के टुकड़े से जी भर खेलकर भी, थके न नैन
कटे न रैन

मेरे दिल बता तुझे कहाँ मिलेगा चैन
कटे न रैन

© Kamlesh Pandey 'शजर'

आ पास आ

आ पास आ
तू इक कदम आगे बढ़ा उस राह पर
जिसमें बन्धन नहीं है चाह पर
नजदीकियों के दायरों को मिटा
आ तू पास आ

आ पास आ
अहसास की आँधी उठा
कि खुल सकें दिल के झरोखे
काँप जाये रूह परदे की तरह
खुशबू हमारे प्यार की
सांसों में भर जाये
भरे खुमार सा दिल में
जरा धड़कन ठहर जाये

आ पास आकर लगा दे
तपती अगन इक चाह की
सब जला दे
परवाह सारी भुला दे
आ इश्क को गवाह कर
आ फिर मुझे तबाह कर
गुमराह कर

आ पास आ

© Kamlesh Pandey 'शजर'

नीली झील

एक नीली झील में नौका डुबा मैं सो गया
तन था तेरे आगोश में मन खो गया

वो तेरा संसर्ग था या स्वर्ग था?

महसूस की मैंने तुम्हारी सांस की पुरवाइयों में आँच सी
सच सच बता क्या प्यास थी
जो उफनकर ज्वालामुखी सी
चूमने मुझको उठी थी
आग सी?

मैं हिममनुष सा गल गया
जजबात के उस सुलगते तूफ़ान से था व्यर्थ बस संघर्ष
मैं पिघल गया
पत्थर का सीना फाड़कर ज्यों स्रोत को बह गया
इक किला था बस ढह गया

तुममें कहीं गहरे छुपे उन मोतियों की चाह में
गोते लगाता रहा
नीली झील के
हर श्वास में उच्छवास में तुममें समाता रहा

वो तेरा संसर्ग था या स्वर्ग था?

© Kamlesh Pandey 'शजर'